खास खबर

वोट की राजनीति ने शहरों को टुकड़ों में बांटा - गहलोत

सिरोही ब्यूरो न्यूज़

राज्य की कांग्रेस सरकार से जनता नाखुश:सांसद राजेन्द्र गहलोत

रिपोर्ट हरिश दवे

अल्प प्रवास के दौरान भाजपाइयों ने किया स्वागत सत्कार

सिरोही गत महीनों राजस्थान से निर्वाचित राज्यसभा सांसद व भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र गहलोत ने राज्य कांग्रेस सरकार के 2 वर्ष के शासन एवं उसकी नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि प्रदेश का आमजन निराश है राज्य में अपराधियों में भय नहीं है अराजकता का वातावरण बना है। उन्होंने हाल ही नगर निकाय चुनाव में शहरों को टुकड़ों में विभक्त करने और इसी प्रकार परिसीमन के सहारे पंचायती राज चुनाव में उतरने की तैयारी को उनका हथकंडा बताया। राज्यसभा सांसद जोधपुर से अंबाजी जाते समय सिरोही राष्ट्रीय राजमार्ग पर मीडिया से मुखातिब हुए, इस दरम्यान भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत सत्कार किया।

शनिवार को सड़क मार्ग से गुजरात जाने के अपने अल्प प्रवास के बीच होटल बाबा रामदेव पर पहुंचे।जहाँ भाजपा नगर अध्यक्ष लोकेश खंडेलवाल के साथ जिला उपाध्यक्ष व पूर्व सभापति ताराराम माली, पूर्व उपाध्यक्ष एडवोकेट अशोक पुरोहित, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुरेश सगरवंशी, मीडिया संयोजक चिराग रावल समेत कार्यकर्ताओं ने पुष्प माला,साफा पहनाकर राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार सिरोही आगमन पर गहलोत का स्वागत सत्कार किया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं से भेंट कर उनकी कुशलक्षेम जानी और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली। इस अवसर पर मौजूद होटल बाबा रामदेव के रघुभाई माली ने भी सांसद को पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी। साथ आए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसन्नचंद मेहता, महिला मोर्चा जोधपुर शहर अध्यक्ष इंदिरा राजपुरोहित, जिला उपाध्यक्ष नरेश सुराणा, पूर्व महापौर घनश्याम ओझा का भी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

राज्यसभा सांसद ने इस मौके पर कहा कि राज्य में किसान, मजदूर, पशुपालक, युवा, महिला,दलित, मध्यम वर्गीय परिवार सहित सभी वर्ग गहलोत सरकार से त्रस्त हैं प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है। भाजपा कार्यकर्ता सरकार की जनविरोधी नीतियों का कड़ा विरोध कर जनता को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेंगे। हाल ही में संपन्न प्रदेश के छह नगर निकायों के चुनाव के संदर्भ में बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस जान चुकी है कि उसका धरातल खिसक रहा है इसलिए वोट की राजनीति में शहरों को टुकड़ों में बांटकर चुनाव करवाए गए,अब पंचायत चुनाव टुकड़ों में राजस्थान सरकार करवा रही है जो आज से पहले ऐसा कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सरपंचों, पंचायती राज के चुनाव अलग-अलग करवा कर राज्य सरकार ने पंचायती राज का भट्टा बैठाने का काम किया है। सांसद ने कहा कि प्रदेश के आगामी पंचायती राज चुनाव को भाजपा पूरी गंभीरता व दृढ़ता से लेगी। पार्टी कि संगठन संरचना और बूथ स्तर तक मुस्तैद कार्यकर्ता जो हमेशा जनता के बीच सक्रिय रहा है यह सभी मिलकर जनविरोधी कांग्रेस सरकार को चुनाव में करारा जवाब देंगे। गहलोत ने अभिव्यक्ति की आजादी को रोकने के प्रयास को असहनीय करार देकर कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है वर्तमान महाराष्ट्र सरकार द्वारा पत्रकार अर्णब गोस्वामी पर की जा रही कार्रवाई को दुर्भावना ग्रसित करार देकर कृत्य को निंदनीय बताया। राज्यसभा सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों एवं कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि वे राष्ट्र के नवनिर्माण में कड़ा परिश्रम कर रहे हैं और इस कोरोना महामारी से लड़ रहे हैं। आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना के साथ देश को विकास के पथ पर ले जा अंतिम छोर के व्यक्ति के दुख दर्द को समझ कर की जा रही योजनाओं के क्रियान्वयन से लोगों को लाभ मिल रहा है।

इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसन्नचंद मेहता ने राज्य गहलोत सरकार पर वोटों की राजनीति करने के आरोप लगाए और कहा कि उसने नगर निकायों के चुनाव में परिसीमन के सहारे शहरों को अलग-अलग भी विभक्त कर सत्ता तक पहुंचने का प्रयास किया है इसके बावजूद भी जनता ने संतोषजनक मात्रा में भाजपा को बहुमत दिया है। इस अवसर पर पार्षद गोपाल माली, नई शिक्षा नीति नगर संयोजक मनीष राजपुरोहित, पूर्व जिला मंत्री हनुमान प्रजापत, किसान चौपाल नगर संयोजक बाबूसिंह मांकरोड़ा सहित कार्यकर्ता मौजूद थे।

Categories