खास खबर

विधायक लोढ़ा ने रिवर फ्रंट सहित विकास कार्यो का किया निरीक्षण, दिए निर्देश

सिरोही ब्यूरो न्यूज़

रिपोर्ट हरीश दवे

सिरोही-शिवगंज विधायक संयम लोढ़ा ने शुक्रवार की सुबह पालिकाध्यक्ष वजींगराम घांची के साथ जवाई नदी किनारे पालिका प्रशासन की ओर से निर्मित करवाए जा रहे रिवर फं्रट के कार्य का निरीक्षण किया। विधायक ने बस स्टेंड के पीछे निर्मित हो रहे स्थाई रैन बसेरे का भी निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार विधायक संयम लोढ़ा सुबह करीब पौने दस बजे पालिकाध्यक्ष के साथ जवाई नदी किनारे पहुंचे तथा वहां चल रहे रिवर फ्रंट के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। विधायक ने कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए मौके पर मौजूद अधिशासी अधिकारी महेन्द्र कुमार राजपुरोहित एवं कनिष्ट अभियंता ललित भारद्वाज को कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस मौके पर विधायक ने कनिष्ट अभियंता भारद्वाज से नेहरु पार्क को विकसित करने तथा वहां पर बच्चों के मनोरंजन के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने के लिए तैयार किए गए तकमीने के बारे में भी जानकारी ली तथा इसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। तत्पश्चात विधायक ने बस स्टेंड के पीछे पालिका की ओर से करीब 48 लाख रूपए की लागत से निर्मित करवाए जा रहे स्थाई रैन बसेरे का भी निरीक्षण किया। मौके पर पालिकाध्यक्ष ने विधायक को बताया कि रैन बसेरे में महिलाओं एवं पुरूषों के लिए ठहरने के लिए भूतल और प्रथम मंजिल पर अलग अलग हॉल मय टॉयलेट बाथरूम का निर्माण करवाया जा रहा है। इस कार्य के भी शीघ्र पूर्ण होने की उम्मीद है। विधायक ने इन निर्माण कार्याे का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यो में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। इस मौके पर पार्षद प्रकाश मीना भी मौजूद थे।



कटाव रोकने के लिए लगेंगे कोनाकार्पस ट्री

जवाई नदी के रिवर फं्रट पर मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए कोनाकार्पस ट्री लगाए जाएंगे। पार्षद प्रकाश मीना ने बताया कि यह पेड़ जमीन के कटाव को रोकने में मददगार साबित होता है। यह तेजी से बढता है और 48 डिग्री गर्मी में भी हरा भरा रहता है। इसे पानी की आवश्यकता कम होती है। मीना ने बताया कि रिवर फ्रंट के आसपास के क्षेत्र में कोनाकार्पस ट्री लगाने से पूरा क्षेत्र हरा भरा दिखाई देगा तथा मिट्टी के कटाव को रोकने में भी मददगार साबित होगा।

Categories