प्रशासनिक

हरिजन बस्ती में वाल्मिकी भवन का विधायक संयम लोढा ने किया शिलान्यास

विकास के कार्यो में कमी नहीं आने दी जाएगी - संयम लोढा

 

शिवगंज, 28 मई 2022। मुख्यमंत्री के सलाहकार विधायक संयम लोढा ने कहा कि शहर में आम जन की सुविधा के लिए विकास के कामों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। विधायक लोढा शुक्रवार की शाम को हरिजन बस्ती में नगर पालिका प्रशासन की ओर से करीब २७ लाख रूपए की लागत से पुननिर्मित होने वाले वाल्मिकी भवन के शिलान्यास समारोह में उपस्थित नागरिकों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर आयोजित समारोह की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष वजींगराम घांची ने की।

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक लोढा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जीत के बाद से वे निरंतर सिरोही क्षेत्र के विकास के लिए कार्य कर रहे है। उसी का परिणाम है कि पिछले ७० सालों में सिरोही विधानसभा क्षेत्र में जितने विकास के काम नहीं हुए उससे कहीं अधिक इन साढे तीन सालों में हुए है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार प्रकट किया। विधायक ने कहा कि शिवगंज नगर पालिका में कांग्रेस का बोर्ड बनने के बाद से शहर के विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं के विस्तार के लिए उनके प्रयासों से राज्य सरकार ने शिवगंज के सामुदायिक अस्पताल को जिला अस्पताल में क्रमोन्नत कर भवन निर्माण के लिए ५० करोड रूपए स्वीकृत किए है। जिला अस्पताल बनने के बाद यहां चिकित्सकों की संख्या में इजाफा होगा। दिन व रात दोनों समय में लोगों को चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेगी। गरीब व मध्यम वर्गीय लोगों को उपचार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पडेगी। विधायक ने कहा कि वर्तमान में जहां चिकित्सालय संचालित है वहां भी संसाधनों की उपलब्धता के लिए जमीनी स्तर पर कार्य किया गया है। अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने के लिए सोनोग्राफी, डायलेसिस मशीन, डिजीटल एक्सरे मशीन सहित अन्य महत्वपूर्ण उपकरण उपलब्ध करवाए गए है। विधायक ने कहा कि स्थानीय महाविद्यालय में स्नात्तकोत्तर कक्षाओं के अभाव की वजह से सैकडों विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बाहर जाना पडता था। एनएसयूआई के पदाधिकारियों की मांग पर स्थानीय महाविद्यालय को स्नात्तकोत्तर में क्रमोन्नत करवाया गया है। शहरवासियों के मनोरंजन एवं सैर सपाटे के लिए जवाई नदी किनारे रिवर फ्रंट का निर्माण करवाया गया है। नेहरु नगर पार्क का आधुनिकरण करवाया गया है। यह कार्य भी लगभग पूर्ण हो चुका है। नगर पालिका के लिए नवीन भवन का निर्माण प्रगति पर है। इसके अलावा इन्द्रा कॉलोनी में संत रविदास उद्यान का कार्य भी प्रस्तावित है। निकट के आराध्य स्थल काम्बेश्वर महादेव मंदिर जाने वाले मार्ग को चैडा करवाने की राज्य सरकार से स्वीकृति मिल चुकी है। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत बालिकाओं की सुविधा के लिए नवीन भवन का निर्माण प्रगति पर है। विधायक लोढा ने कहा कि शहर की बालिकाओं के उच्च शिक्षा के लिए राज्य सरकार की ओर से कन्या महाविद्यालय की स्वीकृति प्रदान की है। इसके लिए काम्बेश्वर महादेव मंदिर मार्ग पर आईटीआई कॉलेज के समीप करीब ३५ बीघा भूमि चिन्हित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि वाल्मिकी समाज के सामाजिक कार्यक्रमों के लिए पालिका की ओर से बनाया गया भवन काफी पुराना हो गया था। उसी स्थान पर अब नवीन एवं आधुनिक भवन का निर्माण करवाया जा रहा है। विधायक लोढा ने कहा कि करीब २७ लाख रूपए इस भवन निर्माण पर खर्च किए जाएंगे। यह भवन काफी सुविधाजनक होगा। इसमें तीन कमरों के अलावा एक किचन एवं स्टोर का निर्माण होगा। महिलाओं एवं पुरूषों के लिए अलग अलग टॉयलेट व बाथरूम की सुविधा होगी। इस भवन के निर्माण के बाद इसका लाभ क्षेत्र के लोगों को मिल सकेगा।

इससे पूर्व विधायक के हरिजन बस्ती पहुंचने पर क्षेत्र के नागरिकों ने उनका सौमेया कर साफा एवं पुष्पहार पहनाकर स्वागत सत्कार किया। तत्पश्चात विधायक ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत रूप से शिला पूजन कर एवं शीलालेख का अनावरण कर भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस मौके पर पार्षद प्रकाश मीना, किस्तुर घांची, जयंतिलाल सोनी, राजेन्द्रसिंह, मालमसिंह, नारायणलाल परिहार, महिला कांग्रेस अध्यक्ष नजमा सिलावट, सहवृत सदस्य महेन्द्र राठौड, विनीता वाघेला, मोहम्मद आरिफ टांक, शिक्षक नेता धर्मेन्द्र गहलोत, जूली चैहान, सुरेशसिंह राव,महेन्द्र वाघेला,खीमचंद परारिया, नरेन्द्र जैन सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Categories