शिक्षा

भाटकडा स्कूल उच्च माध्यमिक विद्यालय सिरोही में वाणिज्य संकाय खुला

विधायक लोढा ने जताया मुख्यमंत्री व शिक्षा मंत्री का आभार।

सिरोहीवाले न्यूज ब्यूरो
हरीश दवे

सिरोही, 23 अगस्त। राजकीय माध्यमिक विद्यालय भाटकडा सिरोही उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत होने के बाद अब इस विद्यालय में वाणिज्य संकाय खोलने की स्वीकृति राज्य सरकार ने जारी की। राजस्थान सरकार के शासन उप सचिव प्रथम भारतेन्द्र जैन ने निदेशक माध्यमिक शिक्षा राजस्थान बीकानेर को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भाटकडा में वाणिज्य संकाय खोलने के आदेश जारी किये। विधायक संयम लोढा ने भाटकडा विद्यालय में वाणिज्य संकाय खोलने पर
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व शिक्षा मंत्री बी.डी कल्ला का आभार जताया।

भाटकडा विद्यालय में वाणिज्य संकाय खुलने के बाद छात्र छात्राओं को अध्ययन के लिए अन्यत्र नही जाना पडेगा। माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक नेे बताया कि स्वीकृत वाणिज्य संकाय 2022-23 सत्र में नियमित रूप से प्रारम्भ होगा। इस विद्यालय में कला संकाय पहले से ही स्वीकृत किया जा चुका है। सिरोही में हिन्दी माध्यम विद्यालय में वाणिज्य संकाय नही था। अब इसकी स्वीकृति जारी होने से इसका सीधा लाभ हिन्दी माध्यम विद्यालय में पढने वाले छात्र छात्राओं को मिलेगा। वाणिज्य स्वीकृति जारी होने पर छात्र छात्राओं ने विधायक संयम लोढा का आभार जताया।

 भाटकडा विद्यालय के लिए नि:शुल्क भूमि पहले ही हो चुकी है आवंटित- स्वायत्त शासन विभाग ने राजकीय माध्यमिक विद्यालय भाटकडा सिरोही के लिए नि:शुल्क भूमि
का आवंटन पूर्व में कर दिया था। नगर परिषद सिरोही की साधारण बोर्ड की बैठक 12 जुलाई 2021 के प्रस्ताव संख्या 01 में राजकीय माध्यमिक विद्यालय भाटकडा के लिए खसरा नंबर 2703 सिरोही में से भूमि नि:शुल्क आवंटन का
प्रस्ताव पारित किया गया था जिसकी स्वीकृति के लिए अभिशंषा प्रेषित की थी। जिस पर स्वायत्त शासन विभाग ने शहरी क्षेत्र आबादी की नई खाता संख्या 590 के खसरा नंबर 2703 में से 1979.95 वर्गमीटर भूमि आवंटन की थी। इस विद्यालय में अब राज्य सरकार द्वारा वाणिज्य संकाय खोलने से छात्र छात्राओं का इसका अधिक लाभ मिलेगा।

Categories