खास खबर

राम झरोखा में गरबा महोत्सव ने रफ्तार पकड़ी, रास गरबा नृत्य मे युवक- युवतियां उमड़े

सिरोही ब्यूरो न्यूज़

सिरोही। शहर के रामझरोखा मैदान मे नवरात्रि गरबा महोत्सव में गुजराती गरबा गीतों पर आस्था, भक्ति के साथ नृत्य करते युवक-युवतियों के उत्साह ने बरसात की खलल के बाद अब रफ्तार पकड़ ली है, प्रतिदिन आयोजन स्थल पर श्रद्धालु भक्तों का हुजूम उमड़ रहा है।

नगर के मुख्य नवरात्रि गरबा महोत्सव के आयोजक जगदम्बे नवयुवक मंडल रामझरोखा सिरोही के संरक्षक लोकेश खंडेलवाल के अनुसार शक्ति की भक्ति व उपासना के पर्व नवरात्रि में गरबा में विविध रंग बिरंगे परिधानों में युवक युवतिया पहुँच रहे हैं और अब इसका असर व जोश सर चढ़कर बोल रहा है। शुक्रवार को देर रात्रि तक चले गरबा रास में सभी ने भाव नृत्य के साथ माता की स्तुति- वंदना की।

इस मौके पर मंडल के संरक्षक रणछोडराज पुरोहित,तगसिंह राजपुरोहित, परबतसिंह राजपुरोहित ने श्रेष्ठ नृत्य करने वालों को मंडल की ओर से इनाम देकर सम्मानित किया। रात्रि को गरबा शुरू होने से पूर्व माता की स्थापित प्रतिमा की आरती में श्रद्धालुओं ने उत्साह से भाग लिया। इस मौके पर अतिथि के रूप में पहुंचे जिला उपप्रमुख कानाराम चौधरी व व्यवसाई लालसिंह राजपुरोहित का मंडल के मुख्य संरक्षक सुरेश सगरवंशी, गिरीश सगरवंशी, अध्यक्ष विजय पटेल आदि ने साफा व माला पहनाकर स्वागत किया।

 अष्टमी को 1008 दीपक से होगी महाआरती -

नवरात्रि के पावन अवसर पर रामझरोखा मैदान में आज अष्ठमी के अवसर पर रविवार को रात्रि 9:00 बजे 1008 दीपक प्रज्ज्वलित कर शहर वासियों द्वारा महाआरती की जाएगी, इस मौके पर छप्पन भोग का प्रसाद भी माता को चढ़ाया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां जोर शोर से की जा रही है।

Categories