शिक्षा

महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पुराना भवन अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस का आयोजन

सिरोही ब्यूरो न्यूज़

संयोजक हरीश दवे

जिले की पहली महात्मा गांधी राजकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पुराना भवन सिरोही में अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस का आयोजन सांस्कृतिक प्रभाग प्रभारी दिलीप कुमार शर्मा की देखरेख में किया गया। प्रार्थना सभा का संचालन, कालांशों का संचालन एवं अन्य प्रतियोगिताओं का आयोजन व क्रियान्वयन बालिकाओं के द्वारा किया गया। एक दिन के लिए विद्यालय में प्रधानाचार्य की भूमिका दिव्या देवडा ने निभाई।

इसके अतिरिक्त कक्षा 6-7-8 की बालिकाओं ने दो सहायक प्रिंसिपल, दो शारीरिक शिक्षक, एक लाइब्रेरियन, एक लिपिक, एक सहायक कर्मचारी, 20 शिक्षकों की भूमिकाओं का निर्वहन भी बखूबी कर यह नजीर पेश की कि बालिकाएँ किसी भी मायने में बालकों से पीछे नहीं है। अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर चित्रकला प्रतियोगिता, गीत व कविता पाठ प्रतियोगिता एवं कहानी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें कक्षा 3-4-5 की छात्राओं ने भाग लिया। सभी गतिविधियां बच्चों द्वारा ही संचालित की गई।

 

इस अवसर पर प्रधानाचार्य श्री जगदीश सिंह आढा ने बालिकाओं को सम्बोधित करते हुए समाज की दकियानूसी सोच व घटते लिंगानुपात पर अफसोस व्यक्त किया। श्री आढा ने अपने अंग्रेजी भाषा में दिये उदबोधन में कहा कि महात्मा गांधी स्कूल जिले का पहला सरकारी अंग्रेजी स्कूल है जिसमें सहशिक्षा है। यहाँ पर बालकों के साथ साथ बालिकाओं के सर्वांगीण विकास पर पूरा ध्यान दिया जाता है। विद्यालय में पर्याप्त रूप से महिला शिक्षक है, पूरा स्कूल परिसर व प्रत्येक कक्षा कक्ष सीसी टीवी कैमरों से लैस है।

विद्यालय का स्टाफ बहुत मेहनत व निष्ठा से काम करता है। उसी का नतीजा है कि विद्यालय ने खेल व विज्ञान माडल प्रतियोगिताओं में जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। हालांकि इस विद्यालय को स्थापित हुए तीन महीने ही हुए है। अन्तर्राष्ट्रीय बालिका दिवस पर बालिकाओं ने बड़ों की भूमिका निभाकर यह साबित कर दिया की वे इस छोटी उम्र में भी बड़ी भूमिकाओं को निभाने में सक्षम है।

Categories